संतोष अमन की रिपोर्ट:
दाउदनगर प्रखंड के रेपुरा स्थित युगेश्वर सिंह स्मारक कन्या हाई स्कूल में स्व. युगेश्वर सिंह की पुण्यतिथी बुधवार को मनायी जाएगी। उनके पुत्र एवं मध्य विद्यालय में प्रधानाध्यापक रामाकांत सिंह ने बताया कि क्वीज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा और गरीबों के बीच अंग वस्त्र का वितरण किया जाएगा। स्व. युगेश्वर सिंह समाजवादी विचारधारा के पोषक थे। समतामूलक समाज के निर्माण में अपने जीवन का अधिकांश हिस्सा उन्होंने व्यतीत किया था। इनका जन्म 5 जुलाई 1934 को हुआ था। उस समय कई कोस की दूरी पर स्कूल हुआ करते थे। विद्यालय में शुल्क भी देना पड़ता था। सभी लोग शुल्क देने में सक्षम नहीं थे। ऐसे परिवेश में भी इन्होंने पैदल चलकर अशोक उच्च विद्यालय में अध्ययन किया। मैट्रिक करने के बाद इनकी नौकरी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर हुई। इन्होंने अपनी सेवा निष्ठा व ईमानदारी के साथ समाज सुधार में लगाई। इसी बीच इनकी मुलाकात रामविलास बाबू, रामपदारथ बाबू एवं रामनरेश सिंह से हुई। इनके साथ मिलकर सामाजिक बदलाव हेतू इन्होंने गांव-गांव घूमकर सामाजिक चेतना का संचार करने में अपना समय दिया। कुछ दिनों बाद रामविलास सिंह को अपना नेता मानकर समाजवादी विचारधारा को आगे बढाया। 5 जुलाई 1984 को इनका निधन हुआ था। यह अपने पीछे तीन पुत्र, एक पुत्री और पत्नी छोड़ गये थे।