
हसपुरा प्रखंड के अहियापुर के मुखिया एवं पूर्व मंत्री स्व. रामविलास सिंह के पुत्र दिवंगत उमेश सिंह का शव यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा।गौरतलब हो कि बीमारी के कारण दिल्ली में उनका निधन हो गया था। उनका पार्थिव शरीर दाउदनगर के गया रोड स्थित आवास पर लाया गया, जहां काफी संख्या में लोगों ने पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।भगवान प्रसाद शिवनाथ प्रसाद बीएड कॉलेज के सचिव डॉ प्रकाश चंद्रा ने भी दिवंगत उमेश सिंह के घर पहुंच कर श्रद्धांजलि अर्पित किया और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
यहां के बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव अहियापुर ले जाया गया। पैतृक गांव में अंतिम दर्शन के बाद हसपुरा प्रखंड मुख्यालय पर ले जाया गया। वहां के बाद दाउदनगर उनकी शव यात्रा पहुंची और दाउदनगर के सोनतटीय क्षेत्र में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके पुत्र मनीष कुमार ने दी। जिन ग्रामीण क्षेत्रों में भी उनकी शव यात्रा पहुंची तो वहां ग्रामीणों ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। हसपुरा से शव यात्रा के दाउदनगर पहुंचने के बाद भखरुआं मोड़ पर जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न दलों के नेताओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दिया।श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में ओबरा विधायक वीरेंद्र कुमार सिन्हा, पूर्व विधायक सोम प्रकाश सिंह, लोजपा के प्रदेश महासचिव उपेंद्र यादव, स्वराज पार्टी के अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह ,दाउदनगर के प्रखंड प्रमुख अनिल कुमार, तरार पंचायत के मुखिया सर्वोदय प्रकाश शर्मा, करमा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार, युवा राजद के प्रदेश सचिव अरुण कुमार यादव, जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय कुमार सिंह ,राजद नेता शंकर यादवेंदु ,इंदल यादव ,राजद नेता उदय उज्जवल,राजद प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह, विजय पासवान आदि शामिल रहे। उनके पंचायत से भी काफी संख्या में लोग शव यात्रा में शामिल थे।शव यात्रा में शामिल लोगों द्वारा “उमेश सिंह अमर रहें” के नारे लगाए जा रहे थे।

