रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के आक्रोश मार्च पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में रालोसपा एवं महागठबन्धन द्वारा आहूत बिहार बंद का असर दाउदनगर में दिखा। करीब छह घंटे से भी अधिक समय तक यातायात ठप रहा।जहाँ कई मार्गबाधित रहा वहीं एंबुलेंस एवं जरूरी काम से जाने वाले को मार्ग देते भी देखा गया।
औरंगाबाद पटना मुख्य पथ एवं स्टेट हाईवे के दाउदनगर -गोह- गया मुख्य पथ पर वाहनों का चक्का थमा रहा। जाम में सैकड़ों छोटे बड़े वाहन फंसे रहे। महागठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा सुबह छह बजे के बाद ही सड़क को जाम कर दिया गया था।भखरुआं मोड़ पर रालोसपा प्रखंड अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ रंजीत, ओबरा विधानसभा क्षेत्र से रालोसपा प्रत्याशी रह चुके चंद्र भूषण वर्मा, रालोसपा नेता सत्येंद्र कुशवाहा, राजद प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह, राजद नगर अध्यक्ष मुन्ना अजीज, युवा राजद प्रदेश सचिव अरुण कुमार यादव, राजद नेता अरविंद यादव ,लोकतांत्रिक जनता दल के प्रखंड अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ,कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद सिंह, आरपी यादव आदि नेताओं के नेतृत्व में महागठबंधन नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा सड़क को जाम कर दिया गया। दोपहर करीब एक बजे के बाद सड़क जाम को हटाया गया।इस मौके पर उपस्थित नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि आक्रोश मार्च एवं रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा पर लाठी चार्ज की घटना नीतीश सरकार की साजिश है। दाउदनगर पटना मुख्य पथ स्थित अकबरपुर के पास भी सड़क जाम किया गया।दाउदनगर औरंगाबाद मुख्य पथ पर छात्र राजद के जिला मीडिया प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में जिनोरिया स्टैंड के पास सड़क जाम कर दिया गया।उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार से बिहार की जनता ऊब चुकी है।आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता एनडीए सरकार को उखाड़ फेंकेगी। इस मौके पर सुधीर यादव, रितेश यादव ,गुड्डू बादशाह,पूर्व उपसरपंच आशिक कुमार सिंह ,रंजन कुमार आदि उपस्थित थे।