
औरंगाबाद जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष सह वरिष्ठ पत्रकार गोपाल प्रसाद सिंह नहीं रहे। रविवार की शाम करीब सात बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। पिछले दो महीनों से वह बीमार चल रहे थे। फिलहाल दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती थे और देश के बड़े डॉक्टर की देखरेख में इलाज चल रहा था। इसी बीच रविवार की शाम सात बजे उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई और सांसें थम गई। इसके पहले देश के बड़े-बड़े अस्पतालों में उनका इलाज कराया गया। गोपाल प्रसाद सिंह के निधन से पूरे जिले के साथ-साथ पत्रकारिता जगत को काफी अपूरणीय क्षति हुई है। जिसने भी उनके निधन की सूचना सुनी, उनकी आंखें नम हो गई। वरिष्ठ पत्रकार गोपाल प्रसाद सिंह अपनी लेखनी और अनुभवों के बदौलत जिले की पत्रकारिता जगत को एक नई ऊंचाई दी थी। सोमवार की दोपहर तक उनका पार्थिव शरीर जिला मुख्यालय पहुंचेगा। इसके बाद पैतृक गांव मड़रिया में अंतिम संस्कार किया जाएगा। वरिष्ठ पत्रकार गोपाल प्रसाद सिंह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गये। जानने वालों ने गहरी संवेदना प्रकट की है।