
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने एक बेहतर उपकप्तान की भूमिका निभायी। सभी विभागों के प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बैठा कर उन्होंने कार्य किया हमेशा। अपने जूनियर पदाधिकारियों को प्रोत्साहित करते रहे।उक्त बातें रविवार की रात दाउदनगर थाना परिवार एवं पुलिस पदाधिकारियों द्वारा दाउदनगर के स्थानांतरित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार के सम्मान में आयोजित समारोह में पुलिस अधीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश ने कही। पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में एसडीपीओ संजय कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि दाउदनगर अनुमंडल में शांति व्यवस्था बनाये रखने में एसडीओ, एसडीपीओ डीसीएलआर, थानाध्यक्ष समेत तमाम पदाधिकारियों का अहम योगदान है।स्थानांतरण एक प्रक्रिया है और करीब तीन साल के कार्यकाल के बाद वे स्थानांतरित होकर जा रहे हैं।उन्होंने श्री कुमार के कार्यकाल की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार ने इन्हें बड़ा दायित्व दिया है। सरकार ने इन पर भरोसा किया है और उस दायित्व के निर्वहन के महत्वपूर्ण जवाबदेही अब उनके कंधों पर है। एएसपी (अभियान)राजेश कुमार ने भी उनके कार्यकाल की प्रशंसा की। एसडीओ अनीस अख्तर ने कहा कि श्री कुमार ने बेहतर समन्वय स्थापित कर बेहतर तरीके से कार्य किया।डी सी एल आर राहुल कुमार, सी ओ तारा प्रकाश आदि ने इस विदाई समारोह को संबोधित किया। स्थानांतरित एसडीपीओ संजय कुमार ने अपने संबोधन में सकारात्मक सहयोग प्रदान करने के लिए अनुमंडल के सभी पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया और कहा कि सबों के सहयोग से ही सफलता मिलती है और इसी टीम भावना के साथ आगे भी काम करते रहें ।समारोह का आयोजन दाउदनगर के थाना अध्यक्ष अभय कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया ।पुलिस इंस्पेक्टर केके साहनी ओबरा थाना अध्यक्ष हरेंद्र कुमार ,खुदवां थाना अध्यक्ष अभय शंकर सिंह, हसपुरा थाना अध्यक्ष दीप नारायण सिंह, ओबरा थाना के सब इंस्पेक्टर साकेत सौरभ, मनोज कुमार ,दाउदनगर थाना के सब इंस्पेक्टर शेखर सौरभ अरविंद कुमार, राजाराम राय, फसर थानाध्यक्ष आशीष कुमार शाह के अलावे दाउदनगर अनुमंडल के विभिन्न थाना के थानाध्यक्ष एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। उपस्थित पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने माला पहनाकर स्थानांतरित एसडीपीओ श्रीकुमार को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। संचालन आरक्षी उपाधीक्षक (प्रारक्ष) औरंगाबाद रामनरेश सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन दाउदनगर थाना के ए एस आइ पंकज कुमार ने किया।