केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री एवं रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के आह्वान पर मंगलवार को रालोसपा द्वारा आयोजित शिक्षा सुधार मानव कतार कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है ।इसकी सफलता के लिए नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया है। रालोसपा के प्रखंड अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह उर्फ रंजीत ने बताया कि मंगलवार को पूर्वाहन 11:30 बजे से 12 बजे तक रालोसपा नेता एवं कार्यकर्ता सभी विद्यालयों के सामने कतारबद्ध होकर खड़े रहेंगे और इसके माध्यम से सरकार का ध्यान शिक्षा में सुधार के प्रति आकृष्ट कराएंगे। आम जनता से भी अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है और आम लोगों का व्यापक जन समर्थन भी मिल रहा है।