बस स्टैंड का निर्माण कार्य पड़ा ठप

काली स्थान मोड के पास बंद पडा बस स्टैंड का निर्माण कार्य

संतोष अमन की रिपोर्ट:-

 कुछ महीना पूर्व नगर पंचायत द्वारा काली स्थान के पास खाली पडी जमीन पर बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के द्वारा उपलब्ध करायी गयी धन राशि से बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था लेकिन अभी इसका निर्माण कार्य बंद दीख रहा है। निर्माण कार्य बंद होने के बाद कई तरह की चर्चायें सुनने को मिल रही हैं। इसी जमीन पर महिला काॅलेज भी अपना दावा करता है। महिला काॅलेज के सचिव रघुवंश सिंह द्वारा व्यवहार न्यायालय औरंगाबाद में स्वत्व वाद संख्या-349/2015 (रघुवंश सिंह बनाम बिहार सरकार) में अवर न्यायधीश प्रथम द्वारा विवादित भूमि पर कोई निर्माण कार्य नहीं करने तथा यथा स्थिति बनाये रखने का आदेश दिया गया है। महिला काॅलेज के सचिव रघुवंश सिंह का कहना है कि चार एकड पांच डिसमिल बेलगान पूर्व में नगरपालिका दाउदनगर के स्वत्व एवं कब्जा में थी तथा नगरपालिका दाउदनगर के तत्कालीन अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने 1983 ई0 में महिला काॅलेज को निबंधित दान पत्र से दे दिया। नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा यह दान पत्र जेनरल मिटींग के प्रस्ताव संख्या-07 के आधार पर अंतरण किया गया था। दान पत्र से प्राप्त भूमि पर महिला काॅलेज दाउदनगर का कुछ भाग पर निर्माण किया गया तथा शेष भूमि काॅलेज के सहन एवं खेल मैदान के रूप में प्रयोग होता है। दान पत्र की तिथी 30 अगस्त 1983 से ही महिला काॅलेज का भूमि पर भौतिक कब्जा हो गया। इनका आरोप है कि नगर पंचायत उस जमीन पर बस स्टैंड का निर्माण कराना चाहती है। सचिव रघुवंश सिंह ने न्यायालय में अपील किया था कि प्रतिवादी के खिलाफ विवादित भूमि के बावत निषेधाज्ञा जारी किया जाये कि प्रतिवादी विवादित भूमि के भौतिक स्वरूप में कोई बदलाव न करें। श्री सिंह ने बताया कि न्यायालय द्वारा उक्त जमीन पर 17 मार्च 2017 को ही विवादित भूमि पर कोई कार्य नहीं करने का आदेश निर्गत किया गया है। वहीं मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत द्वारा भी 6 नवम्बर 2015 को कारण पृच्छा न्यायालय में दाखिल किया गया है। नहीं है जानकारी- दूसरी ओर कार्यपालक पदाधिकारी बिपिन बिहारी सिंह का कहना है कि न्यायालय में कारण पृच्छा दाखिल कर दिया गया था। बस स्टैंड का निर्माण कार्य बंद रहने के बारे में संबंधित एजेंसी से पूछा गया है और एजेंसी ने कार्य शुरू करने की बात कही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.