कोरोना महामारी से बचाव हेतु अब मास्क अनिवार्य कर दिया गया है।अब मास्क नही पहनने पर जुर्माना भरना पड़ेगा। दाउदनगर पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। सब इंस्पेक्टर मनोज पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने दाउदनगर शहर के विभिन्न स्थानों एवं भखरुआं मोड़ के इलाके में जांच अभियान चलाया। बैंक परिसर के अलावे सड़क पर बिना मास्क चलने वालों की फटकार लगाते हुए जुर्माना भी लगाया गया।प्रभारी थानाध्यक्ष तार बाबू ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान 25 लोगों पर 50 रुपए की दर से जुर्माना लगाते हुए जुर्माने की वसूली की गयी है और सख्त हिदायत दिया गया है कि जब भी घर से बाहर निकलें तो मास्क लगाकर ही घर के बाहर निकलें। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर व्यक्ति को मास्क लगाना अनिवार्य है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दाउदनगर शहर के मुख्य बाजार में व्यापक स्तर पर यह अभियान चलाया गया ।बैंकों में भी जांच की गयी और सभी को स्पष्ट रूप से मास्क लगाकर ही घर के बाहर निकलने की हिदायत दी गयी है ।प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि नियमित तौर पर यह अभियान चलाया जा रहा है।