
शहर में लोगों को आने-जाने में सुविधा कम मुसीबत ज्यादा हो रही है। शहर में कुछ साल पहले ई-रिक्शा का चलन शुरू हुआ। बीतते समय के साथ शहर में ई-रिक्शा की बाढ़ सी आ गई है। जहां देखो ई-रिक्शा ही दिखाई दे रहा है। यह शहर में ट्रैफिक जाम और दुर्घटना का कारण बन रहा है। ठोस नियम व सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण धड़ल्ले से इसे खरीदने या फाइनेंस कराकर रोड पर उतारने का कार्य किया जा रहा है। ई-रिक्शा के कारण शहर के मुख्य मार्ग से लेकर गली-गली जाम लग रहा हैं। प्रशासन का इस पर कोई नियंत्रण नहीं है। जिसके कारण लोग परेशान हैं।शहर में जाम की समस्या तो ऐसे बहुत पहले से चली आ रही है। आए दिन जाम की समस्या शहर में तो रहती ही थी, लेकिन इन दिनों यह समस्या ई रिक्शा बढ़ जाने से विकराल रूप ले लिया है। इसके कई कारण है। जिसमें सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरना,उतराना दोनों पटरी पर अतिक्रमण और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी शामिल हैं।