

दाउदनगर शहर के पुराना शहर वार्ड- आठ निवासी जय कुमार ने संघर्ष की बदौलत बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता का परचम लहराया है। उसे बीपीएससी में 74वां रैंक प्राप्त हुआ है। जय ने शहर के साथ जिले का नाम रोशन किया है। हालांकि लक्ष्य संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता अर्जित करना है। यूपीएससी की तैयारी में जय लगा है। जय का जीवन संघर्षपूर्ण रहा है। वर्ष 2004 में सिर से पिता का साया उठ गया था। पिता उपेंद्र प्रसाद के निधन के बाद मां शोभा रानी पर घर की सारी जवाबदेही आ गई। मां पुराना शहर स्थित हाता मध्य विद्यालय में शिक्षिका हैं। दो पुत्र एवं दो पुत्रियों की जवाबदेही मां ने बखूबी निभाई। जिस समय उपेंद्र प्रसाद का निधन हुआ था, उस समय जय 10वीं परीक्षा की तैयारी कर रहा था। नवोदय विद्यालय बारुण से दसवीं एवं 12वीं की परीक्षा पास की। वर्ष 2011 में एनआईटी भोपाल से बीटेक किया। वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय कोपल (दक्षिण भारत) में कंप्यूटर साइंस के शिक्षक हैं। इनके छोटे भाई जीत कुमार गुड़गांव में इंजीनियर हैं। संघर्ष में जीवन बिताते हुए दोनों भाइयों ने उपलब्धि हासिल किया है। इनकी सफलता पर बधाई देने का सिलसिला भी जारी है।