प्रखंड सह अंचल कार्यालय स्थित आरटीपीएस कार्यालय का छत काफी जर्जर है ,बरसात में पानी टपकता रहता है, जिसकी पोल गुरुवार को हो रही बारिश ने खोल दी।वर्षा होते ही प्रखंड सह अंचल कार्यालय स्थित आरटीपीएस कार्यालय के कर्मचारी छत से टपक रहे पानी के बीच काम करने को विवश हो जाते हैं। गुरुवार की दोपहर बाद हुई वर्षा के दौरान भी यही स्थिति देखी गई ।आरटीपीएस कर्मी अपने कंप्यूटर को बचाने के लिए छाता लगाकर कार्य कर रहे थे तो कंप्यूटर एवं अन्य उपकरणों को बचाने के लिए उसे प्लास्टिक से ढक दिया गया था।आरटीपीएस के कार्यपालक सहायकों ने बताया कि कार्यालय की छत पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। छत के ऊपर की सफाई कभी नहीं होती छत से पानी रिसता रहता है। इसके कारण थोड़ी सी वर्षा होने पर भी कमरे में जलजमाव व्याप्त हो जाता है, जिससे जरूरी कागजात क्षतिग्रस्त होने की संभावना बनी रहती है।जब भी वर्षा होती है तो कंप्यूटर एवं अन्य सामान तथा कागजात बचाने की चिंता लगती रहती है। जानकारी मिली की करीब छह महीने पहले प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा प्रखंड सह अंचल कार्यालय का जीर्णोद्धार कराने के लिए विभागीय स्तर पर मांग की गई है, लेकिन उसकी वस्तुस्थिति के बारे में किसी को जानकारी नहीं है।