
मुहर्रम पर्व को लेकर दाउदनगर थाना परिसर में शांति समिति की अनुमंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई।जिसकी अध्यक्षता एसडीओ अनीश अख्तर ने किया। बैठक में मुहर्रम पर्व शांतिपूर्वक मनाने की अपील की गई।एसडीपीओ राजकुमार तिवारी ने कहा डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।डीजे बजते पकड़े जाने पर जब्त करते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जुलूस के लिए निर्धारित रूटों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।शहर में जर्जर एवं झूलते तारों को ठीक करने का आदेश एसडीओ द्वारा सहायक विद्युत अभियंता को दिया गया। बैठक में उपस्थित लोगों द्वारा बताया गया गुलाम सेठ चौक से आगे कई जगह पर जर्जर खंभे और झूलते तार हैं, जिन्हें बदलने की जरूरत है।एसडीओ एवं एसडीपीओ ने कहा कि सभी चिंहित स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई है सघन गश्ती भी की जाएगी।जुलुस के रूटों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश बीडीओ जफर इमाम एवं थानाध्यक्ष विश्वमोहन चौधरी को दिया गया।पुलिस इंस्पेक्टर शंभू यादव,सीओ स्नेहलता देवी, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि यमुना प्रसाद स्वर्णकार, उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि डा.केदारनाथ,नगर कार्यपालक पदाधिकारी जमाल अख्तर अंसारी,हाफीज खुर्शीद आलम, करमा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार,तरार मुखिया सर्वोदय प्रकाश शर्मा,चौरी मुखिया एवं जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनील कुमार चंद्रवंशी, राजद प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह,भाजपा के दाउदनगर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र यादव,पूर्व उप मुख्य पार्षद कौशलेंद्र कुमार सिंह,वार्ड पार्षद बसंत कुमार,दिनेश प्रसाद,प्रशांत कुमार,जमाल अंजुम,अनवर फहीम,पप्पु गुप्ता के अलावे शहर के विभिन्न अखाड़ों के खलीफा एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।