
शहर में एक बार फिर भीषण जाम का नाज़ारा दिखा। मौलाबाग मोड़ पर काफी देर तक जाम लगा रहा। वहां तैनात पुलिसकर्मी जाम को हटाने में लगे रहे और जाम हटाने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी । विदित हो कि मौलाबाग मोड़ से पूरब की ओर भखरुआं मोड़, पश्चिम की ओर दाउदनगर बाजार तथा उत्तर की ओर प्रखंड कार्यालय तथा मौलाबाग न्यू एरिया होते हुए दाउदनगर बारुण रोड तक आवागमन करने का रास्ता है, जिसके कारण हमेशा वाहनों का आवागमन होते रहता है ।
एक तरफ जहां मैट्रिक परीक्षा को लेकर शहर में भीड़ भाड़ व चहल पहल बढ़ी हुई है, तो वही शहर के कई स्थानों पर जाम का नजारा देखने को मिल रहा है।खासकर पहली पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद भीषण जाम का नजारा देखने को मिल रहा है और काफी देर तक जाम लगा रहा है ।इसी तरह का नजारा शुक्रवार को दाउदनगर बारुण पथ एवं मौलाबाग मोड़ पर देखने को मिला। हालांकि मौलाबाग मोड़ से चर्चगेट तक नो इंट्री लागू होने का असर यह दिख रहा है कि कम से कम बाजार में जाम का नजारा नहीं देखने को मिल रहा है।
वहीं पहली पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद दाउदनगर बारुण रोड पर भीषण जाम की समस्या देखने को मिली।एक तरफ जहां पहली पाली के परीक्षार्थी परीक्षा देकर वापस लौट रहे थे तो वहीं दूसरी पाली के परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों की ओर जा रहे थे ।वाहनों का आवागमन जारी था और इसी भीड़ में कुछ बड़े वाहन भी घुस गए थे, जिसके कारण जाम का नजारा देखने को मिला अंततः पुलिस कर्मियों के काफी मशक्कत के बाद जाम हट पाया।
