
रविवार की शाम डीएम राहुल रंजन महिवाल एवं एसपी डॉ सत्यप्रकाश ने तीन दिनों के अंदर दूसरी बार दाउदनगर नासरीगंज के बीच निर्माणाधीन सोन पुल एवं एप्रोच रोड के निर्माण कार्य का जायजा लिया।विदित हो कि डीएम एवं एसपी ने 25 जनवरी (शुक्रवार)की शाम भी निर्माणाधीन सोन पुल का निरीक्षण किया था। रविवार की शाम दोनों पदाधिकारी पुनः निर्माणाधीन सोन पुल एवं एप्रोच रोड पर पहुंचे।कई स्थानों पर कार्य का मुआयना किया गया तथा निर्माण कार्य करा रही कंपनी एचसीसी के अधिकारियों से प्रगति का जायजा लिया गया। एचसीसी के अधिकारियों द्वारा डीएम एवं एसपी को बताया गया कि कार्य तेज गति से प्रगति पर है और निर्धारित समय के अनुसार कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। दाऊदनगर बारुण रोड से नासरीगंज की ओर तक सोन पुल एवं एप्रोच रोड का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंचा हुआ है और कार्य को फाइनल टच दिया जा रहा है। दोनों पदाधिकारियों द्वारा पुल एवं एप्रोच रोड के आस -पास ही कुछ खाली पड़ी जमीनों का भी मुआयना किया गया ।सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित आगमन के मद्देनजर डीएम एसपी द्वारा लगातार कार्य में प्रगति की जांच की जा रही है और सभा स्थल एवं हेलीपैड के लिए जगह का मुआयना किया जा रहा है।प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 10 फरवरी को सोन पुल के उद्घाटन की संभावना के मद्देनजर प्रशासनिक तैयारियां की जा रही है।ऐसी संभावना व्यक्त की जा रही है कि संभवतः मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 10 फरवरी के आसपास सोन पुल का उद्घाटन किया जा सकता है।हालांकि इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी है। डीएम एसपी के निरीक्षण के दौरान दाउदनगर एसडीओ अनीस अख्तर ,एसडीपीओ राजकुमार तिवारी, पुलिस निरीक्षक केके साहनी, थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह,बीडीओ जफर इमाम आदि उपस्थित थे