
शहर के वार्ड संख्या 15 के गाजी मियां के फाटक मुहल्ला के निवासियों ने नगर कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर अतिक्रमण हटाते हुए पीसीसी रोड एवं नाली निर्माण कराने की मांग की है।इस आवेदन की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को भी दी गई है। शाहिद अख्तर, गुलाम रहबर, मोहम्मद बेलाल अहमद, मो.हारुन अंसारी, ज्ञानी प्रसाद, मो.कमालुदीन अंसारी,अनवर हुसैन अंसारी समेत अन्य नागरिकों द्वारा संयुक्त हस्ताक्षरित आवेदन में कहा गया है कि नगर परिषद दाउदनगर के वार्ड संख्या 15 में नाली गली पक्कीकरण योजना के अंतर्गत निकाली गई निविदा में वार्ड संख्या 15 के मुहल्ला गाजी मियां के फाटक में गोला रोड पुल से अनवर जी एवं जुबैर जी के मकान कुआं के पास होते हुए मो. शफी कुरैशी के मकान तक पीसीसी सड़क निर्माण एवं नाली का निर्माण होना है।यह गली अतिक्रमण का शिकार है जिससे आम नागरिक नागरिकों को आने जाने में काफी परेशानी झेलनी पड़ती है ।चार पहिया वाहनों के आवागमन में भी काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।इन नागरिकों ने आवेदन देकर आग्रह किया है कि अतिक्रमण को हटाते हुए नाली को व्यवस्थित कर ही पीसीसी सड़क का निर्माण कर शुरू कराया जाए।
