शांतिपूर्ण तरीक़े से मुहर्रम मना, शहर का तज़िया कल होगा पहलाम

दाउदनगर में मुहर्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण मे मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न मुहर्रम चौक के कमेटियों द्वारा ताजिया निकाला गया। अखाड़े की शक्ल में ताजिया को घुमाते हुये खेल का प्रदर्शन करते हुये ताजिया को मुहर्रम चौकों पर स्थापित किया गया। मुहर्रम जुलूस के साथ निर्धारित रूट से ताजिया घुमाने के बाद तथा अखाड़ा में फन- ए- सिपहगिरी का प्रदर्शन करते हुये जुलूस चौकों तक पहुंचा। प्रखंड के चौरी, कनाप, तरारी, तरार, अंकोढ़ा, बाबू अमौना, जिनोरिया, केसराड़ी समेत अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के अलावे दाउदनगर शहर में भी मुहर्रम का त्योहार परंपरा पूर्वक मनाया गया।

मुहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का प्रबंध किया गया है। चौरी गांव में मुखिया अनिल कुमार चंद्रवंशी मुहर्रम जुलूस के साथ घूम रहे थे। यहां प्रखंड विकास पदाधिकारी जफर इमाम, दाउदनगर थाना के सब इंस्पेक्टर भगवान प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई है। कनाप ग्राम पंचायत में मुखिया विजय कुमार भी जुलूस के साथ घूम रहे थे। इसके अलावा अन्य पंचायतों में भी संबंधित पंचायतों के मुखिया जुलूस के साथ घूमते रहे। अनुमंडल पदाधिकारी अनीश अख्तर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजकुमार तिवारी भ्रमणशील दिखे एवं प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश के द्वारा दिया गया। थाना अध्यक्ष अभय कुमार सिंह एवं सी ओ स्नेह लता कुमारी समेत अन्य पदाधिकारी भ्रमणशील थे।थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस द्वारा सघन गशती की जा रही थी।सभी चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई है।अर्धसैनिक बल एवं महिला पुलिस बल भी तैनात दिखे।

ग्रामीण क्षेत्रों का ताजिया शुक्रवार की देर रात तक पहलाम किया गया। कुछ ग्रामीण क्षेत्रों का ताजिया पहलाम दाउदनगर के पुराना शहर स्थित करबला में किया जाता है तो कुछ ग्रामीण क्षेत्रों का ताजिया गांव में ही पहलाम किये जाने की परंपरा रही है। दाउदनगर शहर का ताजिया मुहर्रम जुलूस के साथ शनिवार को देर शाम तक पहलाम किया जायेगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.