दाउदनगर के लक्ष्मी भवन में अभाविप द्वारा आयोजित एक प्रेस वार्ता में अभाविप के मगध विश्वविद्यालय संयोजक राहुल कुमार ने कहा की जिले के शिक्षा व्यवस्था को लेकर अभाविप द्वारा सभी प्रखंडों में प्रखंड स्तर पर छात्र आंदोलन करने का निर्णय लिया गया है। जिले की प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक मृत अवस्था में पहुंच चुकी है। शिक्षा विभाग एवं उसके पदाधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। शिक्षा की व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की न तो नीति है और न निर्धारण। छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रखंड स्तर पर आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय अभावग्रस्त है ।शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों की मनमानी बदस्तूर जारी है और इसका खामियाजा छात्र छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। नगर मंत्री आर्य अमर केसरी एवं छात्रा प्रमुख मनीषा कुमारी ने कहा कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर सभी प्रखंड इकाइयों द्वारा रक्तदान, प्रभात फेरी, पुरस्कार वितरण आदि कार्यक्रम के माध्यम से स्वामी विवेकानंद की जीवनी से समाज को अवगत कराया जाएगा ।
अभाविप प्रदेश छात्रा सह प्रमुख आशिका कुमारी ने कहा कि पूर्व में भी विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर व्यवस्था को सुधारने के लिए अभाविप द्वारा शिक्षा विभाग को मांग पत्र दिया गया था। जर्जर व अव्यवस्थित विद्यालयों की सूची एवं छात्रों की समस्याओं से धरना प्रदर्शन के माध्यम से अवगत कराया गया था, किंतु अब तक किसी प्रकार की स्थिति में सुधार होता नहीं दिख रहा है।
इस मौके पर अभाविप के नगर अध्यक्ष चंचल कुमार मिश्र, जिला संयोजक सौरभ सिन्हा,चन्दन कुमार,अमित गुप्ता,सौरभ राजपूत,सुमित भारती आदि मौजूद रहें।
