
संतोष अमन की रिपोर्ट:
आगामी फ़िल्म “मास्टर साहब” के लिए कलाकारों का चयन कर लिया गया है। शैक्षणिक दृष्टिकोण पर बनने वाली यह फ़िल्म श्रीमती देवमुनी देवी फ़िल्मस के बैनर तले बनाई जा रही है। इस फ़िल्म के निर्माता ओबरा के कलाकार राव रणविजय हैं जिन्होंने मुंबई रहकर छोटे पर्दे के कई सीरीयल में हज़ार से ज़्यादा एपिसोड कर चुके हैं। समाज में शिक्षा का अलख जगाने के उद्देश्य से “मास्टर साहब” हिन्दी फ़िल्म का निर्माण किया जा रहा है। इस फ़िल्म के माध्यम से गाँवों में गिरती शिक्षा व्यवस्था और एक शिक्षक की कहानी को फिल्माया जाएगा।
फ़िल्म के निर्माता राव रणविजय ने बताया कि मास्टर साहब को अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म फेस्टिवल में भेजने का प्रयास किया जाएगा। इस फ़िल्म के लिए तक़रीबन सारे कलाकार औरंगाबाद ज़िला के ही हैं। समाजिक कार्यकर्ता चिंटू मिश्रा के आवास पर फ़िल्म के लिए प्रबुद्ध भारती के कुछ कलाकारों का चयन भी किया गया। मास्टर साहब के निर्देशक अनिल गजराज, कैमरामैन जयंत घोष हैं। बैठक में आज मुख्य रूप से डॉ. सुमन, मनीष यादव, राजेन्द्र यादव, मास्टर भोलू, संजय तेजस्वी, सुशील पुष्प, ब्रजकिशोर मंडल, संदीप सिंह, मनोज मुस्कान, अंजन सिंह, ज्ञान्तु विपुल उपस्थित रहे।
इस फ़िल्म का पोस्टर दो महीने पहले ही रिलीज़ कर दिया गया था। शूटिंग अक्टूबर महीने के पहले सप्ताह में शुरू हो जाएगी। जानकारी के मुताबिक़ यह फ़िल्म 14 नवम्बर को रिलीज़ की जाएगी।