दाउदनगर में जीवीत पुत्रिका व्रत बुधवार को आस्था व परंपरापूर्वक मनाया गया। पारंपरिक तौर पर हर जगह पूजा अर्चना होती है। दाउदनगर शहर में चारों चौकों पर व्रत करने वाली तमाम महिलाएं सामूहिक रूप से पूजा अर्चना कर भगवान जीमुतवाहन से अपने संतान के दीर्घायु होने की मंगल कामना की। ब्राह्मणों से भगवान जीमुतवाहन एवं चिल्हो-सियार की कथा सुनी।दाउदनगर शहर में पटवा टोली इमली तल, कसेरा टोली, पुराना शहर और बाजार में भगवान जीमूतवाहन के मंदिर बने हैं।व्रती महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर इन मंदिरों समक्ष पूजन सामग्री के साथ पहुंचकर विधिपूर्वक पूजा अर्चना की।देर रात तक पूजा करने के लिए व्रती महिलाओं की काफी भीड़ लगी रही।इन मंदिरों से संबद्ध संस्थाओं ने इन चौकों पर प्रकाश, ध्वनी के साथ सजावट और शेड की व्यवस्था की है।जिउतिया व्रत को लेकर पुलिस प्रशासन की व्यवस्था चाक चौबंद दिखी। थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि चिन्हित आवश्यक स्थानों पर पुलिस बल तैनात किए गए हैं। इनके साथ मजिस्ट्रेट भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। चौकों पर महिला पुलिस बल भी तैनात किए गए हैं।पुलिस द्वारा सघन गश्ती भी की जा रही है।
