दाउदनगर प्रखंड के करमा पैक्स के निर्वाचित कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद न तो निर्वाचन की प्रक्रिया शुरु की गयी है और न सुगबुगाहट दीख रही है। इस संबंध में सहकारिता विभाग के स्थानीय पदाधिकारी खुलकर कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। जानकारी के अनुसार करमा पैक्स के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी का चुनाव 28 जून 2012 को हुआ था और 30 जून 2012 को तत्कालीन बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी द्वारा निर्वाचन का प्रमाण पत्र दिया गया था। पसवां गांव निवासी ग्रामीण ओम प्रकाश सिंह एवं पूर्व पैक्स के सदस्य मनोज सिंह व दूधराज चंद्रवंशी ने लिखित प्रेस बयान जारी कर कहा है कि 30 जून 2017 को ही पांच वर्षों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है।पुरानी कार्यकारिणी अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद कार्य नहीं कर रही है। जहां कार्यकाल समाप्ति के पूर्व ही नयी कार्यकारिणी एवं अध्यक्ष का चुनाव हो जाना चाहिए था, वहीं इसकी सुगबुगाहट तक नहीं दीख रही है। चुनाव नहीं होने से ग्रामीणों को खाद, बीज समेत पैक्स से मिलनेवाली अन्य सुविधाएं मिलने में परेशानी सकती है। इनका आरोप है कि बीसीओ द्वारा कोई स्पष्ट व ठोस जानकारी नहीं दी जा रही है। वहीं जब दाउदनगर बीसीओ से जब उनके मोबाइल पर पूछा गया तो कार्यकाल समाप्त होने की बात तो उन्होंने स्वीकार की, लेकिन अधिकृत तौर पर कोई जानकारी देने से इंकार कर दिया।