सरकारी संपति की क्षति व सरकारी कार्य में बाधा की प्राथमिकी दर्ज

संतोष अमन की रिपोर्ट:

नगर पंचायत दाउदनगर के कनीय अभियंता परमेश्वर पासवान ने तीन लोगों के खिलाफ सरकारी संपति को क्षति पहुंचाने व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुये दाउदनगर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में वार्ड संख्या-08 निवासी टुल्लू रावत तथा वार्ड संख्या-07 के नालबंद टोली निवासी अनील गोस्वामीसुनील गोस्वामी को नामजद आरोपित बनाया गया है। प्राथमिकी में कहा गया है कि वार्ड संख्या-07 में लखन तांती के घर से रामध्यान यादव के घर तक पीसीसी पथ एवं नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मंगलवार को आरोपितों ने कार्य स्थल पर पहुंचकर योजना कार्य का पटवन कर रहे मजदूरों को गाली-गलौज कर भगा दिया और आरोपित टूल्लू रावत ने कहा कि पहले 26 हजार रूपया दो तब काम लगाओ। प्राथमिकी के अनुसार मुंशी ने डरकर कनीय अभियंता को फोन किया। कनीय अभियंता के पहुंचने पर आरोपित उन्हें धक्का देकर भगाने लगे और आरोपितों द्वारा लगभग 25 फीट नवनिर्मित नाली तोड़ दी गई। थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.