तेजस्वी के प्रति युवाओं में है आकर्षण- कारी सोएब

दाउदनगर में प्रेस वार्ता करते युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष कारी सोएब एवं ओबरा विधायक वीरेन्द्र कुमार सिंहा

संतोष अमन की रिपोर्ट:

आगामी 13 फरवरी को गांधी मैदान, गया में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का जन संवाद कार्यक्रम आयोजित है। इसे लेकर युवाओं में काफी जोश है। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के प्रति युवाओं में काफी आकर्षण है। एक वर्ष में युवाओं की बहुत सारी उम्मीदें पूरी होती दिख रही हैं। उक्त बातें युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष कारी सोएब ने दाउदनगर में सिंचाई विभाग के आईबी में एक प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को ठगा है। नोटबंदी के बाद देश में करीब 22 करोड़ लोग बेरोजगार हो चुके हैं। 68 प्रतिशत लोग दस हजार रूपये तक की आय वाले हैं। 80 प्रतिशत गांवों में आज भी बैंक नहीं है। बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम से मूलभूत सुविधाएं गांवों तक पहुंच रही है। कुशल युवा कार्यक्रम उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के सोच की ही देन है। युवा राजद ने वर्ष 2012 में ही शराबबंदी का मुद्दा उठाया था, जिसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूरा कर दिया।

इस प्रेस वार्ता में ओबरा विधायक वीरेन्द्र कुमार सिंहा ने कहा कि उपमुख्यमंत्री की जन संवाद यात्रा में ओबरा विधानसभा क्षेत्र से करीब 25 हजार लोग भाग लेने जाएंगे। उन्हें उम्मीद है कि तेजस्वी यादव कल को मुख्यमंत्री बनेंगे और महागठबंधन सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। शराबबंदी बिहार सरकार की सराहनीय पहल है। बिहार तरक्की कर रहा है। इस मौके पर राजद प्रखंड अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार सिंह, ओबरा प्रखंड राजद अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह, राजद नगर अध्यक्ष मुन्ना अजीज, युवा राजद प्रखंड अध्यक्ष अरूण कुमार, लक्ष्मण चैधरी, युवा राजद नेता राजकिशोर राय, ब्रजकिशोर मंडल, संजीत कुमार, सुनील कुमार आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इससे पहले भखरूआं मोड़ पर अरूण कुमार एवं मुन्ना अजीज के नेतृत्व में युवा राजद प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.