दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय के कोविड-19 जांच तेज गति से चल रही है। दो कोविड-19 जांच सेंटर पर कुल 315 लोगों की रेपिड इंजन किट से कोरोना जांच की गयी, जिसमें आठ लोग पॉजिटिव पाए गए और 307 लोग निगेटिव पाए गए। दाउदनगर गया रोड स्थित डायट तरार परिसर में कोविड-19 जांच पर शनिवार को 240 लोगों का निबंधन कर उनकी कोरोना जांच की गयी,जिसमें सात पॉजिटिव पाए गए। बीडीओ जफर इमाम ने बताया कि जांच को लेकर सेंटर पर पूरे दिन भीड़ लगी रही। 10 बजे से लेकर संध्या चार तक 240 लोगों का निबंधन किया गया, जिसमें सभी लोगों की जांच करने के बाद सात लोगों का रिपोर्ट पॉजिटिव पाया गया,जबकि 233 लोंगो का जांच रिपोर्ट निगेटिव आया है। उन्होंने बताया कि दाउदनगर प्रखंड में तरार स्थित डायट परिसर के अलावे नगर परिषद क्षेत्र के लिये नगर भवन में जांच केंद्र की शुरुआत की गयी है। उन्होंने आम जनों से जांच कराने की अपील की है। वहीं, नगर परिषद के नगर कार्यपालक पदाधिकारी जमाल अख्तर अंसारी ने बताया कि नप क्षेत्र में जांच की शुरुआत से पहले दिन कुल 82 लोगों ने जांच के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन 75 किट ही उपलब्ध थे और 75 लोगों की जांच की गयी, जिसमें एक पॉजिटिव पाये गए हैं और 74 लोग निगेटिव पाए गए हैं।
