
भखरुआं मोड़ पर काफी घनी आबादी है और यह प्रमुख व्यवसायिक इलाका है ।चारों पथों में दिनभर आवागमन होता रहता है।सड़क पर ऑटो और ठेला लगने से जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम लोगों को परेशानी होती है।भखरुआं मोड़ पर चारों पथों में कहीं पर भी पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है सड़क पर व्याप्त अतिक्रमण की समस्या है।दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय के भखरुआं मोड़ से अतिक्रमण हटवाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए बजाप्ता कार्रवाई शुरू कर दी गई है ।बुधवार को एसडीओ तनेय सुलतानिया एवं सीओ स्नेहलता देवी ने भखरुआं मोड़ का निरीक्षण करते हुए मुआयना किया ।एसडीओ ने के निर्देश पर सीओ स्नेहलता देवी ने राजस्व कर्मचारी को आदेश दिया है कि भखरुआं बाजार रोड से नहर पुल से भखरुआं मोड़ एवं अनुमंडल कार्यालय परिसर तक सड़क पर अतिक्रमण की वीडियोग्राफी कराते हुए दुकानदारों की सूची तैयार कर कार्यालय में जमा करें,ताकि संबंधित दुकानदारों को नोटिस दिया जा सके। सूत्रों ने बताया कि एसडीओ द्वारा सीओ को आदेश दिया गया है कि भखरुआं मोड़ से बस एवं ऑटो स्टैंड को हटाकर बाजार समिति परिसर में शिफ्ट कराने की कार्रवाई करें ,जिसके आलोक में सीओ द्वारा कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।एक तरफ जहां राजस्व कर्मचारी को वीडियोग्राफी एवं सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है तो दूसरी तरफ भखरुआं मोड़ से बस स्टैंड एवं ऑटो स्टैंड हटाने की दिशा में भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।सीओ ने बताया कि जिन्हें फुटपाथी दुकानदारों को भखरुआं मोड़ से हटाया जाएगा, उनके लिए जगह चिन्हित किया जा रहा है।