
सोनतटीय क्षेत्र स्थित बाबा भूतनाथ मंदिर प्रांगण में अखिल भारतवर्षीय मध्यदेशीय हलवाई महासभा द्वारा बाबा गणिनाथ का 23 वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया।कला प्रभा संगम के कलाकारों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई।सुबह में पूजा अर्चना की गई और उसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत झंडोत्तोलन से की गई।संस्था के प्रदेश अध्यक्ष सीताराम साहू ने झंडोत्तोलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।पूजा अर्चना के बाद हजारों की संख्या में पहुंचे हलवाई समाज के लोगों एवं अन्य लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद मंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया ,जिसका उद्घाटन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।मुख्य अतिथि एवं तरारी के विधायक सुदामा प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा गणिनाथ ने समाज के शोषित वर्ग को एकजुट कर शोषण के खिलाफ संघर्ष किया। उनके पद चिन्हों पर चलते हुए रोजमर्रा की समस्याओं को चिन्हित कर अन्य समाज के लोगों को साथ लेकर पूरी एकजुटता के साथ समाधान के लिए संघर्ष करें।जदयू के वरिष्ठ नेता प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि अपने बच्चों को अवश्य शिक्षित बनाएं।बाबा गणिनाथ के आदर्शों को अपनायें और उनके आदर्शो पर चलने का संकल्प लें।इस अवसर पर संस्था द्वारा सरयू साव,कामता प्रसाद, गोपाल प्रसाद,अवधेश प्रसाद,मंजीत अमन समेत 15 लोगों को मध्यदेशीय रत्न के सम्मान से सम्मानित किया गया।इस मौके पर कला प्रभा संगम एवं मां टाइपिंग सेंटर सह टैली क्लासेस के छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।गोविंदा राज के निर्देशन में कलाकारों ने अपने प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
