
दाउदनगर थाना के सब इंस्पेक्टर अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने शराब कारोबारियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तरार गांव से 1173 बोतल 180 एमएल का शराब बरामद करने में सफलता प्राप्त की है साथ ही एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस द्वारा दो वाहनें भी जब्त की गई हैं। थानाध्यक्ष विश्वमोहन चौधरी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तरार गांव के माली मुहल्ला में मारुति वैन से शराब उतारा जा रहा है और एक धंधेबाज द्वारा बाइक से शराब ढोया जा रहा है। इस गुप्त सूचना पर पुलिस वहां पहुंची तो बाइक चालक बोरा और बाइक छोड़कर भाग निकला, जबकि मारुति वैन का चालक भी गाड़ी छोड़कर भागने लगा, जिसे खदेड़ कर पकड़ लिया गया।गिरफ्तार धंधेबाज धीरज कुमार ओबरा थाना क्षेत्र के शांतिनगर का रहने वाला है ,जबकि एक अन्य धंधेबाज तरार गांव निवासी राजेश कुमार भागने में सफल रहा। तलाशी के क्रम में मारुति सुजुकी इको गाड़ी नंबर डीएल 3 सीसीइ 7552 से 18 कार्टून यानी 864 बोतल 180 एमएल का क्रेजी रोमियो शराब तथा एक प्लास्टिक के बोरा में रखा हुआ 81 बोतल क्रेजी रोमियो शराब बरामद किया गया। जबकि बिना नंबर की ब्लू रंग के अपाची बाइक पर लदे प्लास्टिक के बोरा से 228 बोतल क्रेजी रोमियो शराब बरामद किया गया। इस प्रकार कुल 1173 बोतल 180 एमएल के शराब (कुल मात्रा 211.14 लीटर )बरामद करते हुए दो वाहनों को जब्त किया गया है ।थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त किए गए दोनों वाहन चोरी की प्रतीत होती है, जिसकी जांच- पड़ताल की जा रही है।गिरफ्तार धंधेबाज को जेल भेज दिया गया है, जबकि भागे धंधेबाज की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।थानाध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि अवैध कारोबार करने वालों की खैर नहीं है।किसी भी तरह के अवैध धंधे में लिप्त लोगों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।शराब एवं अवैध बालू के धंधे में लिप्त कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।