
बिहार सरकार के ऊर्जा,मद्य निषेध एवं निबंधन मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने विधि संघ दाउदनगर के तत्वावधान में अनुमंडल कार्यालय के समीप आयोजित बिहार के पूर्व मंत्री एवं समाजवादी नेता रामविलास सिंह का प्रतिमा अनावरण समारोह में कहा कि पूर्व मंत्री रामविलास सिंह के आदर्शों एवं विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने की जरूरत है। सामाजिक सद्भावना के आधार पर ही समाज का उत्थान होगा।समाज बढ़ेगा तब बिहार बढ़ेगा। दुनिया काम के आधार पर आगे बढ़ती है
इंसान अपने कर्म के आधार पर याद किया जाता है।
बिहार सरकार के ऊर्जा,मद्य निषेध एवं निबंधन मंत्री श्री यादव ने पूर्व मंत्री रामविलास सिंह के आदम कद प्रतिमा का अनावरण किया। उनके साथ जदयू के वरिष्ठ नेता एवं ओबरा विधानसभा क्षेत्र से दो बार जदयू प्रत्याशी रह चुके राज्य अति पिछड़ा आयोग के पूर्व सदस्य प्रमोद सिंह चंद्रवंशी समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे ।प्रतिमा अनावरण के बाद एक समारोह का आयोजन अनुमंडल कार्यालय के समीप मैदान में किया गया, जिसका उद्घाटन मंत्री द्वारा किया गया।अपने संबोधन में मंत्री श्री यादव ने कहा कि पुराने समाजवादी नेता पूर्व मंत्री रामविलास सिंह की आदमकद प्रतिमा का अनावरण कर वे अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने इस कार्यक्रम के लिए विधि संघ को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे 1995 से 1997 तक बिहार सरकार में विधि मंत्री रहे और उनका यह अनोखा अनुभव है कि विधि संघ द्वारा किसी राजनीतिक एवं सामाजिक चिंतक की आदमकद प्रतिमा लगाई गई हो।अपने संबोधन में ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि जिला बनाने के लिए बनी राज्य सरकार की कमेटी में वे भी सदस्य हैं और जब नया जिला बनना शुरू होगा तो इस पर भी विचार किया जाएगा।ओबरा विधायक वीरेंद्र कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि रामविलास बाबू सात विभागों के मंत्री रहे ,लेकिन उन्होंने कभी भी अपने दामन पर दाग नहीं लगने दिया ।ऊर्जा मंत्री का आभार जताते हुए विधायक ने कहा कि उनके आग्रह पर ऊर्जा मंत्री ने दाउदनगर को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बना दिया ।विधायक ने दाउदनगर में ग्रीड बनाने की मांग करते हुए कहा कि इससे संबंधित आवेदन मंत्री को दिया गया है।
समाज जोड़ने की किया अपील:
राज्य अति पिछड़ा आयोग के सदस्य पूर्व सदस्य एवं ओबरा विधानसभा क्षेत्र जदयू प्रत्याशी रहे प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि रामविलास बाबू ने जांत नहीं जमात पर विश्वास किया।पूर्व मंत्री जांत- पांत में विश्वास नहीं रखते थे।वे हमेशा जाति तोड़ो समाज जोड़ो के सिद्धांत पर चलते रहे ।श्री चंद्रवंशी ने दाउदनगर नासरीगंज के बीच निर्माणाधीन पुल निर्माण कार्य का श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव को देते हुए कहा कि काम करने वाले को जनता द्वारा प्रोत्साहन मिलना चाहिए।
प्रतिमा लगाने का लिया था संकल्प :
ओबरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सत्य नारायण सिंह ने कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र के महान विभूतियों का प्रतिमा लगाने का संकल्प लिया था, जिसके तहत उन्होंने संत पदारथ, पूर्व मंत्री रामविलास सिंह एवं पूर्व मंत्री रामनरेश सिंह की प्रतिमा लगवाई ।विधिज्ञ संघ के पास पूर्व मंत्री रामविलास सिंह की आदमकद प्रतिमा बनाने में भी उन्होंने हर संभव सहयोग किया। जदयू प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि रामविलास लोगों ने विकास की बयार चलाई थी।
इस सभा को पूर्व विधायक दीना यादव, अधिवक्ता रामाशीष सिंह, हरिनाथ सिंह, चंद्र शेखर सिंह ,राजद प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ,भाजपा जिला प्रवक्ता अश्विनी कुमार तिवारी, जदयू नेता विजय पासवान, संजय पटेल ,दिन दयाल सिंह आदि ने भी संबोधित किया ।
अतिथियों का स्वागत अधिवक्ता उमेश सिंह, शशि भूषण सिंह समेत अन्य अधिवक्ताओं ने किया। मंच का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद सिंह ने किया।इस मौके पर विधिज्ञ संघ दाउदनगर के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, सचिव बैजनाथ प्रसाद ,अधिवक्ता निकुंज कुमारी, कुमार शिवेंद्र, धर्मेंद्र सिंह ,सुरेंद्र सिंह ,रामदेव यादव ,विनय सिंह ,जदयू प्रखंड अध्यक्ष रामानंद सिंह चंद्रवंशी, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष अरविंद पासवान आदि उपस्थित थे।

