कल दिनांक 17 जून को शहीद प्रमोद सिंह पथ, महात्मा ज्योतिबा फुलेनगर, दाउदनगर स्थित स्वामी विवेकानंद राष्ट्रीय युवा मंच के कार्यलय में मंच के संस्थापक संरक्षक अजय कुमार पांडेय की अध्ययक्षता में प्रथम स्वतन्त्रता आंदोलन 1857 की महानायिका रानी लक्ष्मीबाई का बलिदान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद बसन्त कुमार, दीपक पाठक, नीतीश मिश्रा, दिनकर कुमार , रंजय कुमार,राजेश कुमार उपस्थित रहे। सभी लोगों ने रानी लक्ष्मीबाई की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उनके भारत के प्रति अतुल्य बलिदान को याद किया।
वार्ड पार्षद बसन्त कुमार ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में हमेशा श्रद्धा के साथ याद किया जाएगा। आज के युवाओं को खासकर लड़कियों को उनके बारे में जानने की आवश्यकता है ताकि आज के युवा और लड़कियां विपरीत और प्रतिकूल परिस्थितियों से कुशलता पूर्वक निपटने की रानी लक्ष्मीबाई की कला को सिख सकें और उनके जैसा प्रयास कर सकें। अजय पांडेय ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई हमेशा युवाओं की प्रेरणा बनी रहेगी। उनका जीवन चरित्र आज भी भारतीय इतिहास के आकाश में प्रखर सूर्य की भांति चमक रहा है। हमें उनके मार्ग पर चलकर अपने देश की सेवा करनी होगी, तभी एक बार पुनः भारत का डंका पूरे विश्व में बजेगा। सभी लोगों ने उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।