शराब के साथ पाँच शराब कारोबारी गिरफ्तार

जब्त शराब व गिरफ्तार कारोबारियों के साथ थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह एवं सब इंस्पेक्टर साकेत सौरभ

 संतोष अमन की रिपोर्ट:-

दाउदनगर पुलिस ने शराब कारोबारियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को 200 एम० एल० के 265 पाउच देशी शराब के साथ पांच कारोबारियों को अलग अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है।थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर आशीष कुमार शाह व साकेत सौरभ के नेतृत्व में अभियान चलाया गया जिसमें दंगा नियंत्रण दल के पुलिसकर्मी मिथलेश शर्मा व उमेश पासवान भी शामिल रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार दाउदनगर शहर के कूचा गली से शेष कुमार को गिरफ्तार करते हुए उसके मोटरसाइकिल जब्त की गई। उसके बाइक की डीक्की से 200 एम० एल० के झारखंड निर्मित 25 पाउच देशी शराब बरामद किये गये हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि वह बाइक से घूम-घूम कर शराब बेचने का धंधा कर रहा था। सोमवार की देर रात बम रोड पटवा टोली से इसी मुहल्ले के निवासी सत्येंद्र कुमार, सुजीत कुमार, उमेश कुमार व जगन मोड़ निवासी राकेश कुमार को दो बोरा में रखे 200 एम०एल० के 240 पाउच देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इन युवकों की एक बाइक भी जब्त की गई है। बताया जाता है कि दो युवक एक बाइक पर और दो युवक हाथ में शराब का बोरा लिए हुए थे। पुलिस ने इन चारों को गिरफ्तार कर लिया। एक बोरा में 110 व एक में 130 पाउच शराब पैक था।जब्त शराब झारखंड निर्मित हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार कारोबारियों को जेल भेज दिया गया है। पूछताछ के क्रम में कुछ नाम सामने आए हैं, जिसका सत्यापन कराया जा रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.