आॅटो पलटने से बच्ची की मौत, पिता व पुत्र हुए जख्मी

             रोती बिलखती मृतका पीहू की मां मंजू देवी

संतोष अमन की रिपोर्ट:

एनएच-98 स्थित दाउदनगर-औरंगाबाद मुख्य पथ पर पसवां के समीप आॅटो पलटने से ढ़ाई वर्षीया बच्ची पीहू कुमारी की मौत हो गयी। इस घटना में मृतका के पिता 30 वर्षीय राजू कुमार एवं भाई आठ वर्षीय नीलेश कुमार जख्मी हो गये। दोनों जख्मी का ईलाज स्थानीय पीएचसी में किया गया।

जख्मी राजू ने बताया कि वे लोग ओबरा से आॅटो रिजर्व कर अपने घर दाउदनगर थाना क्षेत्र के हिच्छन बिगहा गांव आ रहे थे। आॅटो पर राजू की पत्नी मंजू देवी, पुत्र नीलेश कुमार, पुत्री पीहू कुमारी व सरहज संगीता देवी अपने दो बच्चों रिया व प्रिया के साथ सवार थे। आॅटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। पीहू की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने इन लोगों को उठाकर स्थानीय पीएचसी भेजा। पीएचसी में घायलों का ईलाज चिकित्सा पदाधिकारी डॉ उपेंद्र कुमार सिंह ने किया। घायल पिता-पुत्र की स्थिति ठीक बतायी जाती है। दाउदनगर थाना के सब इंस्पेक्टर साकेत सौरभ ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त आॅटो को जब्त कर लिया गया है।

                               जख्मी युवक राजू कुमार

घर में थी शादी-

दाउदनगर थाना क्षेत्र के हिच्छन बिगहा निवासी राजू कुमार के घर में शादी थी। राजू की बहन की शादी जहानाबाद तय हुई है। ओबरा में राजू का ससुराल है। वे टाटा में स्वास्थ्य विभाग में नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि ओबरा से शादी की तैयारी की खरीदारी कर अपने घर हिच्छन बिगहा आॅटो रिजर्व कर जा रहे थे। उसी दौरान आॅटो पलट गयी और यह घटना घटी। पीएचसी परिसर में मृतका की मां मंजू देवी समेत अन्य परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.