मानव श्रृंखला ने रचा इतिहास, नशामुक्ति का लिया संकल्प

संतोष अमन की रिपोर्ट:

पूर्ण शराबबंदी के समर्थन में बनाये गये मानव श्रृंखला में दाउदनगर प्रखंड ने भी इतिहास रचा। करीब 41 किलोमीटर की परिधि में बनायी गयी मानव श्रृंखला में अनुमानतः करीब पचास हजार से भी अधिक की संख्या में छात्र छात्राओं, जीविका सदस्यों, अभिभावकों, नवसाक्षर महिलाओं, जन प्रतिनिधियों एवं अन्य ने भाग लिया। बीडीओ अशोक प्रसाद ने दावा किया कि 65 हजार से भी अधिक लोग श्रृंखला में शामिल हुए हैं। दाउदनगर प्रखंड मेन रुट एन एच 98 के औरंगाबाद रोड स्थित पत्थरकट्टी मोड़ पर मानव श्रृंखला ओबरा प्रखंड से जुटा। वहां पर बीडीओ श्री प्रसाद भी शामिल हुए। वहां से जिनोरिया, तरारी होते हुए भखरुआं मोड़, केरा मोड़, शमशेरनगर होते हुए मानव श्रृंखला जिले की प्रवेश सीमा ठाकुर बिगहा में अरवल जिले से जुट गया।

भखरुआं में ओबरा विधायक वीरेंद्र कुमार सिंहा अपने समर्थकों के साथ श्रृंखला में लगे रहे, जहां एसडीओ राकेश कुमार व एसडीपीओ संजय कुमार,जिला पार्षद सरोज देवी शामिल हुए। ठाकुर बिगहा में अरवल विधायक रविंद्र सिंह श्रृंखला में लगे रहे तो वहीं कलेर थानाध्यक्ष रितुराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस भी मौजूद रही। मेन रुट पर 18 किलोमीटर की परिधि में लगे मानव श्रृंखला में कहीं एक, कहीं दो तो कहीं तीन कतार में श्रृंखला लगी दीखी। विभिन्न गांवों के ग्रामीण भी सहयोग में दिखे। जिनोरिया में करमा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार सिंह, तरारी में मुखिया संगीता देवी, ठाकुर बिगहा में चौरी मुखिया अनील चंद्रवंशी के साथ काफी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। आदर्श ग्राम केरा के पास तो ग्रामीणों की लंबी लाइन देखने को मिली। वहीं इस प्रखंड में तीन सब रुटों में 23 किलोमीटर की परिधि में मानव श्रृंखला बनाया गया। भखरुआं मोड़ से दाउदनगर बाजार चर्च रोड तक, लखन मोड़ से नगर पंचायत रोड, अमौना नहर पुल से कनाप होते बसन बिगहा मोड़ तक भी श्रृंखला बनायी गयी। छात्र छात्राओं ने नशामुक्ति से संबंधित नारे भी लगाये। सुबह से ही साक्षर भारत मिशन के प्रखंड कार्यक्रम समंवयक डा.संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रचार जत्था, बिहार फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के जिला सचिव सुरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में जन चेतना रथ एवं कला जत्था की टीम सड़क पर घूमती रही। एसडीओ,एसडीपीओ के अलावे अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी तेजनारायण राय ,सीओ विनोद सिंह,थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह भ्रमणशील रहें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.