बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक की मौत,दो घायल

सोमवार की देर रात दो बाइकों की आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई जिसमें एक युवक की मौत हो गयी,जबकि दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए।घटना दाउदनगर- पटना मुख्य पथ पर बड़का बिगहा गांव के पास एक लाइन होटल के समीप की है। मृतक की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के कनाप पंचायत के बल्हमा रतनपुर निवासी 40 वर्षीय मुन्ना शर्मा के रुप में की गयी है और दोंनो घायलों की पहचान दाउदनगर शहर के वार्ड संख्या सात निवासी संजय राम(मूल रुप से बक्सर निवासी) व विक्की राम के रूप में की गयी है।बताया जाता है कि मुन्ना शर्मा अपनी बाइक से औरंगाबाद से वापस अपने घर रतनपुर लौट रहे थे, जबकि संजय राम व विक्की राम एक ही बाइक पर सवार होकर अरवल से वापस दाउदनगर लौट रहे थे। दोनों बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गयी और दोनों बाइकों पर सवार तीनों व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गये। बहुत देर तक घायलों की पहचान नहीं हो पायी।लेकिन बाद में पहचान हुई। तीनों को उठाकर दाउदनगर पुलिस द्वारा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिये दाउदनगर के निजी हॉस्पिटल अरविंद हॉस्पीटल में ले जाया गया। मुन्ना शर्मा की स्थिति को अत्यंत गंभीर बताते हुये उसे सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया गया,लेकिन उनकी मौत हो गयी।जबकि अन्य दोनों घायलों का इलाज दाउदनगर के निजी हॉस्पिटल अरविंद हॉस्पिटल में समाचार लिखे जाने तक किया जा रहा था।थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम ने बताया कि मृतक के शव पोस्टमार्टम कराये जाने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.