भाजपा के दाउदनगर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष के साथ मारपीट, पुलिस पर भी दुर्व्यवहार करने का लगाया आरोप।

भाजपा के दाउदनगर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र यादव के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। मंडल अध्यक्ष की पिटाई का आरोप सिंदुआर गांव में डीलर नंदकिशोर यादव एवं उसके पुत्र संतोष यादव पर लगाया है। मंडल अध्यक्ष ने मारपीट की प्राथमिकी दाउदनगर थाना में दर्ज कराई है। हालांकि पुलिसिया कार्रवाई न होने से नाराज मंडल अध्यक्ष थाना गेट पर बैठकर विरोध जताने लगे। ग्रामीणों के साथ न्याय के लिए थाना के मुख्य द्वार पर बैठे रहे। धरना के दौरान पुलिस के तीन पदाधिकारियों पर दु‌र्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है।

बताया जाता है कि प्रखंड के मखरा गांव निवासी सुरेंद्र यादव शनिवार सुबह सुजन पासवान एवं रौशन पासवान के बुलावे पर एक विवाद के निष्पादन को लेकर सिंदुआर गए थे, उसी दौरान मारपीट की घटना घटी। मारपीट का आरोप खैरा निवासी डीलर नंदकिशोर यादव व उसके पुत्र संतोष यादव पर लगाया गया है। बताया जाता है कि लाला सिंह के द्वारा गली में शौचालय का टंकी बनाया जा रहा था। इसी समस्या को हल करने के लिए उन्हें बुलाया गया था। उसी दौरान आरोपितों ने पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए जान मारने की नीयत से हमला कर दिया। प्राथमिकी आवेदन में आरोप लगाया कि आरोपितों द्वारा पिस्तौल निकालकर हमला किया गया। महिलाओं ने हल्ला किया तो ग्रामीण दौड़कर आए। इसी बीच आरोपित अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। भागने के क्रम में आरोपियों ने महिलाओं के साथ भी गाली गलौज की। प्रभारी थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिन्हा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पहुंच मामले की छानबीन की है। घटना की जांच की जा रही है। जांच के क्रम में गोली चलने की घटना प्रकाश में नहीं आया है। आवेदन पर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.