इलाजरत महिला की मौत से लोगों ने किया सड़क जाम

संतोष अमन की रिपोर्ट:-

एक निजी क्लीनिक के संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक महिला के परिजनों एवं ग्रामीणों ने एन एच स्थित दाउदनगर औरंगाबाद मुख्य पथ को करीब आधा घंटा तक जाम रखा। मृतका 22 वर्षीया महिला मंजू कुमारी के पति गोह प्रखंड के मीरपुर निवासी राहुल कुमार समेत अन्य परिजनों का आरोप था कि उनलोगों ने पांच सितंबर को गर्भवती महिला मंजू को राज क्लिनिक में भर्ती कराया।ऑपरेशन से बच्चा हुआ और उसके एक दो घंटे के बाद से उसे बेचैनी होने लगी। दस सितंबर को क्लिनिक संचालक डा० अरविंद कुमार अकेला उक्त महिला व उसके पति को अपने वाहन से लेकर पटना एक निजी क्लीनीक में ले गये, जहां भर्ती कराने के बाद निकल गये और अब तक उनका कोई अता पता नहीं है। इधर महिला की हालत दिन प्रतिदिन बिगड़ने लगी और इलाज में करीब दो लाख पंद्रह हजार रुपये भी खर्च हो गये। 13 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे महिला मंजू की मौत हो गयी, जिसके बाद परिजन शव को लेकर दाउदनगर पहुंचे और क्लीनीक के पास पहुंचकर सड़क को जाम कर दिया। मृतका का मायका दाउदनगर थानाक्षेत्र के जिनोरिया गांव में है और वह जिनोरिया निवासी युगेश सिंह की पुत्री बतायी जाती है। घटना की सूचना जैसे ही मृतका के अन्य परिजनों एवं ग्रामीणों को मिली तो वे भी पहुंच गये और क्लीनिक संचालक पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग को लेकर सड़क को जाम कर दिया। मृतका के पति का आरोप है कि ऑपरेशन में लापरवाही के कारण मंजू की मौत हुई है। जैसे-तैसे पैसा व्यवस्था कर व कर्ज लेकर उसने अपनी पत्नी के इलाज में खर्च किया है। जाम की सूचना पाकर एसडीपीओ संजय कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर रवींद्र प्रसाद, थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर आशीष कुमार शाह, भगवान प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ पह़ुचे और कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को समाप्त करवाया। समाचार लिखे जाने तक मृतका के परिजनों द्वारा प्राथमीकी दर्ज करने हेतू आवेदन थाना को नहीं दिया गया था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.